देहरादून। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 3 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। अंतिम सूची के अनुसार प्रदेश में कुल 71,58,949 मतदाता हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, एक जनवरी 2025 से तीन अक्टूबर 2026 के बीच कुल 17,05,130 नाम मतदाता सूची से हटाए गए, जबकि इसी अवधि में 4,01,276 नए नाम जोड़े गए।
छह जनवरी 2025 को जारी मतदाता सूची में उत्तराखंड में 84,29,459 मतदाता दर्ज थे। इसके बाद प्री-SIR और SIR की अलग-अलग प्रक्रियाओं के दौरान नाम हटाए और जोड़े गए। अंतिम सूची में मतदाताओं की संख्या 71,58,949 रह गई है।
निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अब मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। उत्तराखंड में आठ से 10 अक्टूबर तक सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इस दौरान वर्तमान मतदाता सूची का प्री-SIR से पहले की मतदाता सूची से मिलान किया जाएगा। जिन पात्र मतदाताओं के नाम वर्तमान सूची में नहीं हैं, उनकी जानकारी जुटाई जाएगी।
इसके बाद 12 से 20 अक्टूबर तक घर-घर अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर ऐसे मतदाताओं की जानकारी जुटाएंगे, जिनके नाम सूची से हट गए हैं। पात्र पाए जाने वाले मतदाताओं के नाम दोबारा जोड़ने के लिए मौके पर ही फॉर्म-6 भरवाने की प्रक्रिया की जाएगी। इसकी जानकारी राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ भी साझा की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, 20 मई 2026 से पहले चले प्री-SIR के दौरान 7,73,445 मतदाताओं के नाम हटाए गए और 2,71,404 नए नाम जोड़े गए। SIR के लिए मतदाता सूची फ्रीज किए जाने के समय प्रदेश में 79,27,418 मतदाता थे।
इसके बाद SIR प्रक्रिया के दौरान ASD (Absent, Shifted and Deceased) श्रेणी में 8,26,977 नाम पाए गए, जबकि 1,04,708 नाम इनएलिजिबल श्रेणी में रखे गए। इस दौरान 1,29,872 नए नाम मतदाता सूची में जोड़े गए। इन बदलावों के बाद अंतिम मतदाता सूची में कुल 71,58,949 मतदाता दर्ज हुए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रदेश में विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। आठ से 10 अक्टूबर तक सभी बूथों पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे, जहां वर्तमान मतदाता सूची का प्री-SIR से पहले की सूची से मिलान किया जाएगा। इसके बाद घर-घर अभियान के माध्यम से पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
निर्वाचन आयोग के मतदाता सेवा पोर्टल पर SIR-2026 से संबंधित सेवाएं उपलब्ध हैं और पात्र मतदाता फॉर्म-6 के माध्यम से नए पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकते हैं।