सिरौलीकलां नगर पालिका चुनाव का परिणाम घोषित, राशिदा बेगम के सिर सजा जीत का ताज

किच्छा। ऊधमसिंह नगर की सिरौलीकलां नगर पालिका के अध्यक्ष पद पर कांग्रेस प्रत्याशी राशिदा बेगम ने जीत दर्ज की है। उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी फरहीन जहां को 1765 वोटों के अंतर से हराया। मतगणना के दौरान राशिदा बेगम ने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी। सिरौलीकलां में अध्यक्ष पद पर कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी के बीच सीधा मुकाबला था।

 

सिरौलीकलां नगर पालिका के लिए 22 सितंबर को मतदान हुआ था। यहां कुल 11,591 मतदाता थे, जिनमें बड़ी संख्या में मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ था।

 

अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस ने राशिदा बेगम को प्रत्याशी बनाया था, जबकि फरहीन जहां निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में थीं। भाजपा की ओर से अध्यक्ष पद पर कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं था।

 

राशिदा बेगम इससे पहले किच्छा नगर पालिका के तत्कालीन बोर्ड में सभासद रह चुकी हैं। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी फरहीन जहां पूर्व प्रधान नासिर हुसैन की बेटी हैं।

 

सिरौलीकलां नगर पालिका का यह पहला अध्यक्ष पद का चुनाव था। नगर पालिका में अध्यक्ष के साथ चार वार्डों के सभासद पदों के लिए भी चुनाव कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *