मौसम अपडेट। उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। प्रदेश के पर्वतीय इलाकों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। खासतौर पर बदरीनाथ धाम में लगातार हो रही बर्फबारी के चलते करीब दो फीट तक बर्फ जम चुकी है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने लगा है।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश, बर्फबारी और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। विभाग ने 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। वहीं मैदानी इलाकों में भी तेज बारिश और आंधी-तूफान के आसार हैं।
देहरादून समेत उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में भारी बारिश, बर्फबारी और तेज तूफान की संभावना जताई गई है। इसके अलावा अन्य जिलों में भी येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी राहत के आसार कम हैं। 25 मार्च तक प्रदेशभर में इसी तरह मौसम खराब बना रह सकता है। लगातार हो रही बारिश और बर्फबारी के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे ठंड एक बार फिर बढ़ गई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में सावधानी बरतें।