प्रेमनगर के ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, कट्टे में शव भरकर जंगल में फेंका, 5000 लोगों के सत्यापन के बाद पुलिस ने आरोपी को दबोचा

देहरादून: देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में मिले अज्ञात महिला के शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझाते हुए सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा किया है। इस मामले में महिला के पहले पति को ही हत्यारा पाया गया, जिसने हत्या के बाद शव को कट्टे में भरकर जंगल में फेंक दिया था।

11 मार्च को मिला था शव

पुलिस के अनुसार, 11 मार्च को बालासुंदरी मंदिर परिसर के पास मांडूवाला रोड पर एक अज्ञात महिला का शव सफेद कट्टे में बरामद हुआ था। शव करीब 4-5 दिन पुराना था और चेहरा खराब होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी।

8 टीमों ने खंगाले 2500 CCTV, 5000 लोगों से पूछताछ

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 8 टीमों का गठन किया और लगभग 2500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला। इसके बाद 30 से अधिक झुग्गी-बस्तियों में सत्यापन अभियान चलाकर 5000 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की गई।

जांच के दौरान कॉसवाली कोठरी क्षेत्र में एक मजदूर के बारे में जानकारी मिली, जिसकी पत्नी अचानक गायब थी। संदेह के आधार पर पुलिस ने आरोपी रंजीत शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

ऐसे किया कत्ल

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी की पहली पत्नी रूपा पहले उसे छोड़कर दूसरे व्यक्ति के साथ चली गई थी, लेकिन एक साल पहले फिर संपर्क में आई। फरवरी 2026 में वह अपनी 11 माह की बच्ची के साथ देहरादून पहुंची और आरोपी पर दूसरी पत्नी को छोड़ने का दबाव बनाने लगी।

5 मार्च की रात दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने रूपा का गला दबाकर हत्या कर दी।

4 दिन कमरे में रखा शव, फिर जंगल में फेंका

हत्या के बाद आरोपी ने शव को कट्टे में भरकर कमरे में छिपा दिया और चार दिन तक मौके का इंतजार करता रहा। 8 मार्च को उसने शव को मोटरसाइकिल से ले जाकर शीतला माता मंदिर के पास जंगल में फेंक दिया।

पुलिस की मेहनत लाई रंग

महिला की पहचान न होने के बावजूद पुलिस ने खुद वादी बनकर मामले की जांच जारी रखी। लगातार प्रयास, तकनीकी जांच और बड़े स्तर पर सत्यापन अभियान के बाद आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।

गिरफ्तार आरोपी:

रंजीत शर्मा (32 वर्ष), निवासी सहरसा, बिहार

वर्तमान निवासी: भाटोवाला, देहरादून

मृतका:

रूपा (32 वर्ष), निवासी सहरसा, बिहार

पुलिस टीम को इनाम

मामले का खुलासा करने वाली टीम को आईजी गढ़वाल द्वारा ₹5000 और एसएसपी देहरादून द्वारा ₹2500 का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *