उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, 4 मई तक बारिश-आंधी और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार

उत्तराखंड मौसम: उत्तराखंड में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। 29 अप्रैल से 4 मई तक प्रदेशभर में बारिश, आंधी और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कई जिलों में बिजली चमकने, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने को लेकर चेतावनी जारी की है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले 2-3 दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि इसके बाद तापमान में फिर से बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है।

29-30 अप्रैल को प्रदेशभर में बारिश के आसार

पूर्वानुमान के मुताबिक 29 और 30 अप्रैल को उत्तराखंड के सभी जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है। 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

इन दो दिनों के दौरान कई जिलों में तेज बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। इससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

1-2 मई को आंशिक राहत, फिर 3-4 मई को मौसम होगा सक्रिय

1 और 2 मई को मौसम में कुछ राहत देखने को मिल सकती है। पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जारी रह सकती है, जबकि मैदानी इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है।

इसके बाद 3 और 4 मई को मौसम फिर सक्रिय होने के संकेत हैं। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर बारिश, गरज-चमक और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

देहरादून में 3.2 डिग्री गिरा तापमान

राजधानी Dehradun में मंगलवार को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिली। ठंडी हवाओं, बूंदाबांदी और बादल छाए रहने से तापमान में 3.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

रविवार को जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री के पार पहुंच गया था और सोमवार को 37.9 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं मंगलवार को यह घटकर 34.7 डिग्री रह गया। सुबह कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई और दिनभर ठंडी हवाएं चलती रहीं।

मसूरी में मौसम सुहावना

हिल स्टेशन Mussoorie में भी मंगलवार को मौसम सुहावना बना रहा। सुबह से शाम तक बादल छाए रहे और हल्की बारिश के साथ ठंडी हवाएं चलती रहीं, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को गर्मी से राहत मिली।

पंजाब और दिल्ली से घूमने आए पर्यटक सुखविंदर और रणवीर सिंह ने बताया कि 27 अप्रैल को मसूरी पहुंचने पर काफी गर्मी थी, लेकिन मंगलवार को मौसम बदलने से उन्हें बड़ी राहत मिली।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *