उत्तराखंड मौसम। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में राज्य के कई जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है। हालांकि हरिद्वार और उधम सिंह नगर को छोड़कर अधिकांश हिस्सों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है।
पर्वतीय जिलों में बारिश, 4500 मीटर से ऊपर बर्फबारी
मौसम विभाग के अनुसार आज राज्य के पर्वतीय जनपदों में कहीं-कहीं गरज के साथ बहुत हल्की बारिश हो सकती है। साथ ही 4500 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है।
मैदानी जिलों में फिलहाल मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।
इन जिलों में येलो अलर्ट जारी
आज और कल के लिए उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, देहरादून, टिहरी, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
भारतीय मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर के लिए फिलहाल कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
प्रशासन ने दी सावधानी बरतने की सलाह
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आकाशीय बिजली गिरने से जान-माल की हानि हो सकती है। तेज हवाओं के कारण कच्चे मकानों और असुरक्षित ढांचों को नुकसान पहुंचने की आशंका भी जताई गई है।
लोगों को सलाह दी गई है कि—
खेतों में कटी फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें
तूफान के दौरान घर के अंदर रहें और खिड़की-दरवाजे बंद रखें
बिजली उपकरणों और धातु की वस्तुओं से दूरी बनाए रखें
बिजली चमकने के दौरान पेड़ों के नीचे शरण न लें
पालतू जानवरों को खुले में न बांधें
16 मई को भी बदलेगा मौसम
मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 16 मई को भी पर्वतीय जिलों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में अलग-अलग स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है।
कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 4500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार बने हुए हैं।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और पर्यटकों को सलाह दी गई है कि वे मौसम अपडेट देखकर ही यात्रा की योजना बनाएं।