पौड़ी गढ़वाल: छात्रसंघ चुनाव के कुछ ही दिन बाद पौड़ी एक बार फिर विवाद को लेकर चर्चा में है। शहर के सर्किट हाउस मोहल्ले में देर रात दो गुटों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। घटना के बाद भाजपा युवा मोर्चा के मंडल महामंत्री सुधाकर नैथानी के साथ गाली-गलौज किए जाने और उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है।
सुधाकर नैथानी के मुताबिक, विरोधी गुट ने उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की। उन्होंने बताया कि वाहन में लगे पार्टी के झंडे को भी नुकसान पहुंचाया गया है। घटना के बाद उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुट गई।
बताया जा रहा है कि शहर के विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। घटना के बाद शहर की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, पूरे मामले में पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों को आज कोतवाली पौड़ी बुलाया है। दोनों पक्षों से पूरे प्रकरण की जानकारी ली जा रही है। एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने बताया कि दोनों पक्षों को कोतवाली बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।