कर्णप्रयाग: चमोली जिले के कर्णप्रयाग में अलकनंदा नदी में तैरने के दौरान एक व्यक्ति तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। सूचना मिलते ही पुलिस, एनडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और नदी में उसकी तलाश शुरू कर दी। लापता व्यक्ति की तलाश में नदी के संभावित स्थानों पर लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस को स्थानीय लोगों से मिली सूचना के मुताबिक, मंगलवार को पोखरी विकासखंड निवासी सतीश कुमार खाली कर्णप्रयाग नगर क्षेत्र में अलकनंदा नदी के बीच स्थित एक दुर्गम चट्टान पर खड़ा दिखाई दिया। कुछ देर बाद वह चट्टान से नदी की ओर उतरा और तैरते हुए आगे बढ़ने लगा। इसी दौरान वह अलकनंदा के तेज बहाव की चपेट में आ गया और बह गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मय फोर्स मौके पर पहुंची और बचाव दलों को सक्रिय किया गया। एनडीआरएफ, डीडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीमें नदी में संभावित स्थानों पर सर्च अभियान चला रही हैं।
परिजनों के अनुसार, सतीश कुमार खाली मानसिक रूप से परेशान था और वह अचानक घर से निकल गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस दुर्गम चट्टान पर सतीश दिखाई दिया था, वहां पहुंचना बेहद मुश्किल है। सामान्य रास्ते से वहां पहुंचना संभव नहीं है और रस्सी के सहारे भी वहां आसानी से नहीं पहुंचा जा सकता।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सतीश अच्छा तैराक था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चट्टान पर कुछ समय तक दिखाई देने के बाद उसने अलकनंदा नदी में उतरकर तैरना शुरू किया। वह काफी दूरी तक नदी में तैरता हुआ दिखाई दिया, लेकिन बाद में नदी का बहाव तेज होने के कारण वह पानी की धारा में बह गया।
हालांकि, सतीश उस दुर्गम चट्टान तक आखिर कैसे पहुंचा, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। उसकी तैराकी क्षमता और चट्टान की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों की ओर से नदी तैरकर वहां पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है।
कोतवाल विनोद थपलियाल ने बताया कि व्यक्ति के नदी में बहने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एनडीआरएफ, डीडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीमें सतीश कुमार खाली की तलाश में जुटी हैं और नदी के संभावित स्थानों पर लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है।