रुद्रप्रयाग: तुंगनाथ यात्रा पर आई एक महिला यात्री रविवार शाम ट्रेक रूट पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही डीडीआरएफ, एसडीआरएफ और आपदा मित्रों की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। खाई की अधिक गहराई और अंधेरा होने के कारण रात में अभियान को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। सोमवार सुबह मौसम और परिस्थितियों को देखते हुए दोबारा सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया, जिसके दौरान महिला का शव बरामद कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, रविवार 20 सितंबर की शाम करीब 6:21 बजे तुंगनाथ ट्रेक रूट पर गणेश मंदिर के समीप महिला यात्री अचानक अनियंत्रित होकर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, रुद्रप्रयाग को मिली, जिसके बाद डीडीआरएफ और आपदा मित्र तुंगनाथ की टीम को तत्काल सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंची और महिला की तलाश शुरू की। मौके पर खाई अत्यधिक गहरी होने के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। बताया गया कि खाई में गिरने के बाद महिला की आवाजें काफी देर तक सुनाई देती रहीं, जिसके बाद टीमों ने उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रात में ही प्रयास तेज कर दिए।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से एसडीआरएफ अगस्त्यमुनि और तहसीलदार ऊखीमठ को भी घटना की जानकारी दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर डीडीआरएफ ऊखीमठ की टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। टीमों ने रात में सर्च और रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन अत्यधिक अंधेरा और खाई की गहराई को देखते हुए अभियान को आगे जारी रखना जोखिमपूर्ण हो गया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि रात करीब 12:30 बजे डीडीआरएफ के कुलदीप सिंह ने अभियान को फिलहाल स्थगित किए जाने की जानकारी दी थी। इसके बाद सोमवार सुबह परिस्थितियों का आकलन कर दोबारा सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। अभियान के दौरान महिला का शव खाई से बरामद कर लिया गया।
महिला की पहचान और हादसे से संबंधित अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।