हरिद्वार: रोशनाबाद स्थित जिला कारागार के वरिष्ठ अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को सिडकुल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हिमांशु चोढा पुत्र श्याम लाल चोढा, मूल निवासी लुधियाना (पंजाब) और हाल निवासी आईडीपीएल, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया है।
हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने पुलिस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि बीती 11 सितंबर को जिला कारागार रोशनाबाद के वरिष्ठ अधीक्षक मनोज कुमार आर्या ने पुलिस को तहरीर दी थी। इसमें बताया गया था कि उनके मोबाइल पर धमकी भरे और अभद्र मैसेज भेजे गए हैं। मैसेज में लॉरेंस बिश्नोई के नाम से जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
तहरीर के आधार पर सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। मामले में लॉरेंस बिश्नोई का नाम सामने आने के बाद पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की।
सोमवार को सिडकुल क्षेत्र में सूर्य नगर के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने हिमांशु चोढा को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद हुआ। इसके बाद मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जेल में बंद महिला को वह अपनी कथित पत्नी बताता है। महिला देह व्यापार के मामले में जिला कारागार में बंद है। आरोपी के अनुसार, महिला से मुलाकात के दौरान जेल स्टाफ की ओर से उससे अधिक पूछताछ किए जाने को लेकर वह नाराज था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि जेल में बंद महिला ने उसे जेल अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी देने के लिए कहा था और जेल अधीक्षक का मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया था। इसके बाद आरोपी ने पंजाब के लुधियाना जाकर अपने आधार कार्ड से लिए गए नए मोबाइल नंबर से जेल अधीक्षक के मोबाइल पर धमकी भरे मैसेज भेजे। बाद में सोशल मीडिया के माध्यम से उसे अपने खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली।
पुलिस के अनुसार, इसके बाद आरोपी पहले से रखे तमंचे और कारतूस के साथ लुधियाना से हरिद्वार पहुंचा था और जेल अधीक्षक को डराने के इरादे से जेल की ओर जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ देहरादून के रायवाला थाने में मानव तस्करी समेत अन्य संगीन धाराओं में भी मुकदमा दर्ज है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि आरोपी का गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि जेल में बंद महिला की भूमिका की भी उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।