चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले से स्वास्थ्य विभाग के लिए बेहद दुखद खबर सामने आई है। नारायणबगड़ विकासखंड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन डिमरी का शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में निधन हो गया। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को डॉ. नवीन डिमरी अस्पताल परिसर के समीप स्थित आवासीय भवन के पीछे क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और वह उसकी चपेट में आ गए। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल के कर्मचारियों ने तत्काल उन्हें प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। हालत गंभीर होने पर 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
डॉ. नवीन डिमरी लंबे समय से पीएचसी नारायणबगड़ में प्रभारी चिकित्साधिकारी के रूप में सेवाएं दे रहे थे। अपने सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और मरीजों के प्रति समर्पण के कारण वह क्षेत्र में बेहद लोकप्रिय थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने हर परिस्थिति में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया और जनसेवा को हमेशा प्राथमिकता दी।
डॉ. डिमरी के निधन पर स्थानीय युवक संजय कंडारी, भाजपा नेता कमलेश सती, जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा नेता सुरेंद्र कनेरी सहित अनेक लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र ने एक संवेदनशील, कर्तव्यनिष्ठ और जनसेवा के लिए समर्पित चिकित्सक को खो दिया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. गुप्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार गिरने से डॉ. नवीन डिमरी गंभीर रूप से घायल हो गए थे और हायर सेंटर ले जाते समय उनका निधन हो गया। उन्होंने इसे स्वास्थ्य विभाग के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए दिवंगत चिकित्सक को श्रद्धांजलि अर्पित की।
डॉ. नवीन डिमरी के असामयिक निधन से स्वास्थ्य विभाग, उनके सहयोगियों और क्षेत्रवासियों में गहरा शोक व्याप्त है। उन्हें एक समर्पित, कर्मठ और जनसेवा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध चिकित्सक के रूप में हमेशा याद किया जाएगा।