ऋषिकेश: ऑल इंडिया मेयर काउंसिल की महत्वपूर्ण बैठक के लिए देशभर से मेयरों का ऋषिकेश पहुंचना शुरू हो गया है। नगर निगम प्रशासन के अनुसार बैठक में करीब 60 मेयरों के शामिल होने की संभावना है, जबकि 46 मेयरों की उपस्थिति पहले ही सुनिश्चित हो चुकी है। कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
नगर निगम मेयर शंभू पासवान ने बताया कि बैठक का आयोजन इंद्रमणि बडोनी चौक स्थित एक होटल में किया जाएगा। दो दिवसीय कार्यक्रम के तहत विभिन्न सत्रों में शहरी विकास, नगर निकायों की चुनौतियों और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर चर्चा होगी।
3 जून को सुबह 10:30 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। पहले दो सत्र होटल में आयोजित होंगे, जबकि तीसरा सत्र त्रिवेणी घाट पर रखा गया है।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण त्रिवेणी घाट पर होने वाली भव्य गंगा आरती और सांस्कृतिक संध्या होगी। इस दौरान प्रसिद्ध लोकगायक प्रीतम भरतवाण जागर और गढ़वाली लोकगीतों की प्रस्तुति देंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम में मेयरों के अलावा पार्षद, उनके परिजन और स्थानीय नागरिक भी शामिल होंगे।
बैठक में त्रिवेंद्र सिंह रावत के भी शामिल होने की संभावना है। वहीं 4 जून को त्रिवेणी घाट पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसके बाद होटल में समापन सत्र के साथ बैठक का समापन होगा।
नगर निगम प्रशासन ने कार्यक्रम में शामिल होने वाले पार्षदों के लिए विशेष पास जारी करने की व्यवस्था की है। बैठक को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है और प्रशासन मेहमानों के स्वागत की तैयारियों में जुटा हुआ है।