देहरादून: राजधानी देहरादून में स्वाइन फ्लू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। सोमवार को जिले में स्वाइन फ्लू के 24 नए मरीज सामने आए। इनमें 16 मरीज देहरादून के हैं, जबकि आठ मरीज बाहरी जिलों से उपचार के लिए यहां पहुंचे हैं। नए मामलों के साथ जिले में स्वाइन फ्लू संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 105 हो गई है। वर्तमान में विभिन्न अस्पतालों में 36 मरीज उपचाराधीन हैं।
स्वाइन फ्लू के साथ ही जिले में डेंगू का खतरा भी बना हुआ है। सोमवार को डेंगू की जांच में दो नए मरीज पॉजिटिव मिले। इसके बाद जिले में डेंगू संक्रमितों की कुल संख्या 114 पहुंच गई है। इनमें 55 मरीज देहरादून और 59 मरीज दूसरे जिलों से संबंधित हैं।
स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और उपचार व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। अस्पताल और ब्लॉक स्तर पर डेथ ऑडिट कमेटी गठित की जाएगी। इस कमेटी में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक या चिकित्सा अधीक्षक, फिजिशियन और माइक्रोबायोलॉजिस्ट शामिल होंगे। वहीं जिला स्तर पर जिला सर्विलांस अधिकारी, फिजिशियन, एपिडेमियोलॉजिस्ट और माइक्रोबायोलॉजिस्ट की कमेटी बनाई जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग के निर्देश के मुताबिक स्वाइन फ्लू से संक्रमित किसी मरीज की मौत होने पर तीन दिन के भीतर अस्पताल या ब्लॉक स्तर पर पहला डेथ ऑडिट किया जाएगा। इसके बाद जिलास्तरीय कमेटी मामले की दोबारा समीक्षा करेगी। सभी मौतों का डाटा आईडीएसपी के तहत आईएचआईपी पोर्टल पर दर्ज करना भी अनिवार्य किया गया है।
दून अस्पताल में मरीजों की जांच और परामर्श के लिए अलग व्यवस्था की गई है। अस्पताल परिसर के बाहर कंटेनर में अलग से फ्लू ओपीडी शुरू की गई है। पंजीकरण प्रभारी विनोद नैनवाल को परामर्श, जांच और रिपोर्टिंग के समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार देहरादून में अब तक स्वाइन फ्लू से छह मौतों की समीक्षा की जा चुकी है। डेथ ऑडिट कमेटी ने इनमें से दो मौतों का कारण स्वाइन फ्लू होना पाया है। सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा के मुताबिक पौड़ी निवासी 59 वर्षीय व्यक्ति और देहरादून निवासी 52 वर्षीय महिला की मौत स्वाइन फ्लू के कारण हुई थी। दोनों मरीज अन्य बीमारियों से भी पीड़ित थे।
श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल में स्वाइन फ्लू से पीड़ित छह मरीजों की मौत दर्ज की गई थी। डेथ ऑडिट में चार मरीजों की मृत्यु का कारण स्वाइन फ्लू के बजाय अन्य बीमारियां पाई गईं।