बाजपुर कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के नामांकन के बाद हंगामा, पुलिस लाठीचार्ज में तीन छात्र घायल

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

रुद्रपुर। बाजपुर के राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव के नामांकन के बाद दो छात्र गुटों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कॉलेज के बाहर छात्रों की भीड़ जुट गई। स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस ने भीड़ को अलग करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। इस दौरान एक छात्रा समेत तीन विद्यार्थी घायल हो गए। घटना के बाद निवर्तमान छात्रसंघ अध्यक्ष, एक अधिवक्ता समेत छह लोगों को हिरासत में लिए जाने से छात्र और वकील कोतवाली पहुंच गए, जहां काफी देर तक हंगामा हुआ।

 

शुक्रवार को कॉलेज परिसर में छात्रसंघ चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया चल रही थी। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोपहर करीब तीन बजे किसी बात को लेकर दो छात्र गुटों में कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर कॉलेज के बाहर छात्रों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर एसएसआई जसविंदर सिंह और एसआई देवेंद्र भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

 

पुलिस के अनुसार, मौके पर स्थिति बिगड़ने पर भीड़ को अलग करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया। वहीं, छात्रों का आरोप है कि पुलिस ने उन पर लाठियां बरसाईं। पुलिस कार्रवाई के दौरान पूर्व कोषाध्यक्ष और सचिव पद के प्रत्याशी ध्रुव के प्रस्तावक विश्वजीत सिंह चौहान, छात्रा गुनगुन पवार और लोकेश घायल हो गए। पुलिस ने घायल विश्वजीत और लोकेश का सरकारी अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया।

 

इसके बाद पुलिस ने कॉलेज गेट से निवर्तमान छात्रसंघ अध्यक्ष महेंद्र बोरा और अधिवक्ता रोशन पटेल समेत छह छात्रों को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया। अधिवक्ता को हिरासत में लिए जाने की जानकारी मिलने पर स्थानीय वकील भी कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान अधिवक्ताओं और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

 

मामला बढ़ता देख कोतवाल नरेश चौहान ने हस्तक्षेप किया और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने हिरासत में लिए गए अधिवक्ता और छात्रों को छोड़ दिया।

 

वहीं, अल्मोड़ा में छात्रसंघ चुनाव के लिए शनिवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। नामांकन प्रक्रिया दोपहर दो बजे तक चलेगी। इसमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महिला उपाध्यक्ष, महासचिव, उपसचिव, कोषाध्यक्ष और सांस्कृतिक सचिव पद के लिए प्रत्याशी नामांकन दाखिल करेंगे। परिसर के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर संजीव आर्या ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच के बाद शाम तक प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी।

 

सोमवार को परिसर में जनरल गैदरिंग आयोजित होगी, जिसमें सभी प्रत्याशी एक-एक कर अपनी बात रखेंगे। इसके बाद मंगलवार, 29 सितंबर को मतदान कराया जाएगा। मतदान सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक चलेगा। दोपहर तीन बजे से मतगणना शुरू होगी। देर शाम तक परिणाम घोषित किए जाने के साथ विजयी प्रत्याशियों को शपथ दिलाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *