देहरादून। राजधानी देहरादून के बसंत विहार क्षेत्र में घर-घर जाकर कथित रूप से धर्मांतरण का प्रयास करने के आरोप में दो महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। स्थानीय लोगों ने दोनों महिलाओं को पकड़कर थाने पहुंचाया, जिसके बाद पुलिस ने उत्तराखंड धर्मांतरण कानून समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बसंत विहार पुलिस के अनुसार वीर सावरकर संगठन के संस्थापक अध्यक्ष कुलदीप स्वेडिया ने तहरीर देकर बताया कि कांवली माड़ी क्षेत्र के पास दो महिलाएं—सीतापुरी निवासी बनियावाला और सुमित्रा निवासी कांवली गांव—घर-घर जाकर ईसाई धर्म का प्रचार कर रही थीं। आरोप है कि वे हिंदू महिलाओं को धर्म परिवर्तन के लिए रुपयों का प्रलोभन दे रही थीं। साथ ही नौकरी दिलाने और बच्चों को अच्छी शिक्षा उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया जा रहा था।
सूचना मिलने पर एक स्थानीय युवक ने पुलिस को अवगत कराया। आरोप है कि खुद को घिरता देख दोनों महिलाएं मौके से फरार हो गईं, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़कर थाने पहुंचा दिया। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कुलदीप स्वेडिया का कहना है कि आरोपी महिलाएं पिछले चार दिनों से क्षेत्र में सक्रिय थीं।
यह भी आरोप लगाया गया है कि दोनों महिलाएं पूर्व में अपना धर्म परिवर्तन कर चुकी हैं और लोगों को भ्रमित करने के लिए पुराने धर्म का लिबास धारण कर अन्य महिलाओं को बहकाती थीं। शिकायतकर्ताओं ने दून में सक्रिय कथित धर्मांतरण गिरोह की जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वहीं, नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए उसके परिचित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस के अनुसार केदारपुरम निवासी अमित ने तहरीर में बताया कि वह अपनी पत्नी मोनिका और बेटी के साथ देहरादून में रहता था। 22 फरवरी को काम से लौटने पर उसकी पत्नी मानसिक रूप से परेशान नजर आई। पत्नी ने बताया कि उसके परिचित लवलेश के साथ पुराने आर्थिक लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा है। लवलेश महिला के साथ एमबीए कर चुका था।
अमित के अनुसार 23 फरवरी को वह अपने गांव कोटाबाग चला गया। 24 फरवरी को मकान मालिक ने सूचना दी कि उसकी पत्नी की तबीयत खराब है। जब वह देहरादून लौट रहा था, तभी दोबारा फोन आया कि उसकी पत्नी ने आत्महत्या कर ली है। बाद में मोबाइल की जांच करने पर पता चला कि घटना वाले दिन सुबह लवलेश के कई कॉल आए थे। अमित का आरोप है कि मानसिक दबाव के चलते उसकी पत्नी ने आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।