SIR जागरूकता कार्यक्रम में अधूरी तैयारी पर भड़के डीएम आशीष चौहान, अधिकारियों को लगाई फटकार

देहरादून। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची को दुरुस्त करने की प्रक्रिया जारी है। इस अभियान के लिए जिला स्तर पर जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में देहरादून के आईटी पार्क क्षेत्र में SIR जनजागरूकता वाहन को रवाना करने का कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

 

कार्यक्रम के अनुसार जिलाधिकारी आशीष चौहान को हरी झंडी दिखाकर जनजागरूकता वाहन को रवाना करना था। निर्धारित समय पर जिलाधिकारी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, लेकिन वहां व्यवस्थाओं और तैयारियों को अधूरा पाकर उन्होंने नाराजगी जताई।

 

जिलाधिकारी आशीष चौहान ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि केवल औपचारिकता निभाने के लिए कार्यक्रम आयोजित न किए जाएं। उन्होंने भविष्य में सभी कार्यक्रमों को पूरी तैयारी और जनसहभागिता के साथ आयोजित करने पर जोर दिया।

 

डीएम ने अधिकारियों को यह भी संदेश दिया कि सरकारी योजनाओं और अभियानों को गंभीरता से लिया जाए तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पूरी तैयारी सुनिश्चित की जाए।

 

आशीष चौहान ने कहा कि अधूरी तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि आगे ऐसे कार्यक्रम बेहतर योजना और व्यापक जनसहभागिता के साथ आयोजित किए जाएं।

 

गौरतलब है कि उत्तराखंड में चल रहे SIR अभियान के तहत मतदाता सूची से फर्जी, डुप्लीकेट और मृत मतदाताओं के नाम हटाने का कार्य किया जा रहा है, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *