चंपावत: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की चंपावत विधानसभा क्षेत्र की पाटी नगर पंचायत चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बड़ा झटका लगा है। नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी नारायण लाल ने भाजपा उम्मीदवार नवीन राम को 224 मतों के अंतर से हराकर जीत हासिल की। नारायण लाल इंडियन आइडल विजेता पवनदीप राजन के जीजा हैं।
घोषित परिणामों के अनुसार, नारायण लाल को 738 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा प्रत्याशी नवीन राम को 514 वोट मिले। इस जीत के साथ नारायण लाल ने पाटी नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर कब्जा जमा लिया।
परिणाम में देरी से समर्थकों में नाराजगी
मतगणना के दौरान अध्यक्ष पद के परिणाम को लेकर लंबे समय तक संशय की स्थिति बनी रही। परिणाम घोषित करने और विजयी प्रमाण पत्र जारी करने में हुई देरी से नारायण लाल के समर्थकों में नाराजगी देखने को मिली। हालांकि प्रमाण पत्र मिलने के बाद समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ विजय जुलूस निकालकर जीत का जश्न मनाया।
सभासद पदों के परिणाम भी घोषित
नगर पंचायत के चारों वार्डों के सभासद पदों के परिणाम भी घोषित कर दिए गए हैं।
न्यू कॉलोनी वार्ड से नवल पचौली 183 मतों के साथ निर्वाचित हुए।
जौलाड़ी वार्ड से बबलू पाटनी ने 151 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की।
रानीचौड़ वार्ड से शांति देवी 166 मतों के साथ विजयी रहीं।
पूनाकोट वार्ड से संगीता 145 मत प्राप्त कर सभासद निर्वाचित हुईं।
राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माने जा रहे नतीजे
पाटी नगर पंचायत चुनाव के परिणाम राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी की हार ने स्थानीय स्तर पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। चुनाव परिणामों को इस रूप में भी देखा जा रहा है कि निकाय चुनाव में मतदाताओं ने पार्टी के बजाय उम्मीदवार के चेहरे को अधिक महत्व दिया।
अगले साल होने हैं विधानसभा चुनाव
उत्तराखंड में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही चुनावी तैयारियों में जुटी हुई हैं। ऐसे में पाटी नगर पंचायत के चुनाव परिणामों को आगामी विधानसभा चुनावों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। राज्य की राजनीति में यह परिणाम आने वाले समय में नई चर्चाओं को जन्म दे सकता है।