देहरादून। सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में बीजेपी नेता विनोद कश्यप की हत्या और उसके बाद हुए बवाल के मामले में पुलिस कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस ने सोमवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। वहीं, परिजनों के मानने के बाद मृतक के शव का पोस्टमार्टम भी कराया गया।
जानकारी के अनुसार 13 जून की देर शाम खेतों की सिंचाई के लिए पानी लेने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया था। आरोप है कि पड़ोसी समुदाय के कुछ लोग हथौड़े, लाठी-डंडे और बेलचे लेकर बीजेपी नेता विनोद कश्यप के घर में घुस आए और परिवार पर हमला कर दिया। हमले में विनोद कश्यप की मौत हो गई, जबकि उनके भाई अशोक, राजेश और भाभी सुषमा गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया और रविवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों ने नाराजगी जताते हुए शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया था। हालांकि सोमवार को पुलिस और प्रशासन द्वारा लगातार समझाने के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए, जिसके बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी की गई।
अब तक 5 आरोपी गिरफ्तार
सहसपुर पुलिस ने इस मामले में 12 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। रविवार तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि सोमवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
आगजनी और पथराव करने वालों पर भी होगी कार्रवाई
घटना के बाद आरोपियों के घरों में तोड़फोड़, आगजनी और पुलिस टीम पर पथराव करने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ भी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि माहौल खराब करने और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
तीसरे दिन भी गांव में तनाव
विनोद कश्यप की मौत के बाद तीसरे दिन भी बैरागीवाला गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। गांव में भारी पुलिस और पैरामिलिट्री बल तैनात किया गया है। गलियां सुनसान हैं और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
पीड़ित परिवार ने सरकार से आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही परिवार ने आरोपियों के एनकाउंटर की भी मांग उठाई है।
पिता ने लगाया साजिश का आरोप
मृतक विनोद कश्यप के पिता ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है। उन्होंने कहा कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं और परिवार को सुरक्षा मुहैया कराई जानी चाहिए।
विधायक ने दिया कार्रवाई का भरोसा
सहसपुर विधायक Sahdev Singh Pundir ने कहा कि पोस्टमार्टम और पंचनामा की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार की आर्थिक सहायता और नौकरी संबंधी मांगों को सरकार तक पहुंचाया जाएगा तथा मुख्यमंत्री से भी परिवार की मुलाकात कराई जाएगी।
पहले चार आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
पुलिस इससे पहले मुख्य आरोपी मासूम के बेटों रज्जाक और जावेद समेत सलमान और शहबाज को गिरफ्तार कर चुकी है। मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।