रुद्रपुर : उधम सिंह नगर जिले में शनिवार देर रात एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात हुई। पीड़िता का आरोप है कि बाइक सवार तीन युवकों ने उसे और उसके तीन साथियों को भूरारानी रोड पर रोककर जबरन अपने साथ ले गए। रास्ते में दो लोग भाग निकले, जबकि आरोपियों ने युवती को गदरपुर ले जाकर घटना को अंजाम दिया।
रुद्रपुर कोतवाली के सीओ विभव सैनी ने बताया कि पीड़िता सिडकुल क्षेत्र की एक निजी कंपनी में काम करती है। शनिवार रात वह अपनी सहेली और दो युवकों के साथ भूरारानी रोड पर खड़ी थी। तभी एक बाइक पर आए तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया और धमकाकर बाइक पर बैठाकर गदरपुर की तरफ चल दिए।
मौका पाकर भागे दो साथी
पीड़िता के अनुसार रास्ते में उसकी सहेली और एक युवक ने चलती बाइक से कूदकर जान बचाई। इसके बाद आरोपी पीड़िता और दूसरे युवक को लेकर आगे बढ़ गए। कुछ दूर जाने के बाद उन्होंने युवक को उतार दिया और युवती को अपने साथ रखा।
आरोप है कि आरोपियों ने गदरपुर क्षेत्र में ले जाकर युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। रविवार सुबह आरोपियों ने उसे मेट्रोपोलिस अंडरपास के पास छोड़ दिया और वहां से फरार हो गए।
पुलिस ने दर्ज किया केस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया और बयान दर्ज किए। तीनों आरोपियों के खिलाफ अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
सीओ विभव सैनी ने कहा कि आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।