कांवड़ यात्रा 2026: श्रीमहंत रविंद्रपुरी की अपील, भोजन से पहले QR कोड स्कैन कर लें संचालक की जानकारी

हरिद्वार: 30 जुलाई से शुरू होने जा रहे कांवड़ मेले से पहले अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने शिवभक्त कांवड़ियों से यात्रा के दौरान भोजन और पेय पदार्थ ग्रहण करने से पहले पूरी सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने श्रद्धालुओं से कहा कि किसी भी होटल, ढाबे या दुकान पर भोजन करने से पहले वहां उपलब्ध QR कोड स्कैन कर संचालक की जानकारी अवश्य देख लें, ताकि बाद में किसी प्रकार का विवाद या भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।

 

रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि कांवड़ यात्रा भगवान शिव के प्रति आस्था, श्रद्धा और सनातन परंपरा का प्रतीक है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस दौरान व्रत और सात्विक जीवनशैली का पालन करते हैं। ऐसे में भोजन और पेय पदार्थ ग्रहण करते समय विशेष सतर्कता बरतना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रतिष्ठान पर QR कोड उपलब्ध है तो उसे स्कैन कर खाते की जानकारी देखी जा सकती है। साथ ही दुकान पर लगे बैनर, धार्मिक प्रतीकों और अन्य उपलब्ध जानकारियों पर भी ध्यान देना चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि पूर्व में ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें कुछ लोगों ने अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर प्रतिष्ठान संचालित किए। बाद में पहचान सामने आने पर विवाद की स्थिति बनी। ऐसे मामलों से बचने के लिए श्रद्धालुओं को पहले ही आवश्यक जानकारी प्राप्त कर लेनी चाहिए, ताकि वे अपनी संतुष्टि के अनुसार यह निर्णय ले सकें कि संबंधित प्रतिष्ठान से भोजन करना है या नहीं।

 

श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने कहा कि कांवड़ यात्रा सात्विकता और शुद्ध आस्था की यात्रा है। इसलिए यात्रा की पवित्रता बनाए रखने और किसी भी प्रकार के विवाद से बचने के लिए सभी श्रद्धालुओं को जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने शिवभक्तों से अफवाहों और उकसावे से दूर रहने तथा यात्रा के दौरान संयम और अनुशासन बनाए रखने की भी अपील की।

 

इस वर्ष कांवड़ मेले में लगभग 5 करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। हरिद्वार, ऋषिकेश, गंगोत्री और अन्य पवित्र स्थलों पर गंगाजल लेने के लिए देशभर से शिवभक्त पहुंचेंगे। मेले को लेकर प्रशासन सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा और स्वच्छता सहित सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मुख्य सचिव आनंद बर्धन और डीजी लॉ एंड ऑर्डर वी. मुरुगेशन भी कांवड़ मेले की तैयारियों की समीक्षा कर चुके हैं। पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं, जबकि साधु-संत भी कांवड़ियों से नियमों का पालन करने और शांतिपूर्ण ढंग से यात्रा संपन्न करने की अपील कर रहे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *