रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में सोमवार को एक युवक ने दुकान से 10 रुपये में चाकू खरीदने के बाद अपनी गर्दन पर वार कर खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया। घटना के बाद गणेश चौक के पास अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अपनी गाड़ी से सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, रुड़की के व्यस्त गणेश चौक के पास सोमवार को अचानक एक युवक ने अपनी गर्दन पर धारदार चाकू से वार कर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक रेलवे स्टेशन की ओर से गणेश चौक की तरफ आ रहा था। तुलसी हॉस्पिटल के पास पहुंचने के बाद उसने एक दुकान से करीब 10 रुपये में चाकू खरीदा और कुछ ही देर बाद उसी चाकू से अपनी गर्दन पर वार कर लिया।
गंभीर रूप से घायल होने के बाद युवक सड़क पर गिर गया। उसे खून से लथपथ देखकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना किसी व्यक्ति ने पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घायल युवक को अपनी गाड़ी से रुड़की के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया, लेकिन गर्दन पर गंभीर चोट होने के कारण उसकी हालत चिंताजनक बताई गई। इसके बाद उसे बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घायल युवक की पहचान अरमान, निवासी जनता मजदूर कॉलोनी, दिल्ली के रूप में बताई जा रही है। युवक ने खुद को किस वजह से घायल किया, फिलहाल इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस युवक के बारे में जानकारी जुटाने के साथ ही घटना के कारणों की जांच कर रही है।
गंगनहर कोतवाली के एसएसआई दीप कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। युवक ने बाजार की एक दुकान से 10 रुपये का चाकू खरीदकर खुद को घायल किया। पुलिस उसके बारे में जानकारी जुटा रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसने यह कदम किन कारणों से उठाया।