रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की स्थित रामपुर नगर पंचायत कार्यालय में सरकारी कार्य में बाधा डालने और कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने का मामला सामने आया है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ने पिरान कलियर से कांग्रेस विधायक फुरकान अहमद के बेटे सलमान के खिलाफ पुलिस को शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी रोहित पंवार द्वारा गंगनहर कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, 3 अगस्त को विधायक के बेटे सलमान कार्यालय पहुंचे, जहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सलमान ने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की, जिससे कुछ समय के लिए कार्यालय का कामकाज प्रभावित हुआ।
अधिशासी अधिकारी का कहना है कि नगर पंचायत में इस समय विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का कार्य चल रहा है, जिसके कारण कार्यालय में लोगों की काफी भीड़ रहती है। आरोप है कि सलमान अपने कार्य को तत्काल कराने का दबाव बना रहे थे और इसी बात को लेकर विवाद हुआ। उन्होंने कहा कि इस घटना से कर्मचारियों में भय का माहौल पैदा हो गया।
नगर पंचायत प्रशासन का दावा है कि पूरी घटना कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। इसके अलावा घटनास्थल पर मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल से भी वीडियो बनाया, जो सामने आया है।
मामले पर एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, इस मामले में कांग्रेस विधायक फुरकान अहमद का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। फिलहाल उनकी ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।