देहरादून: विकासनगर थाना क्षेत्र के हरबर्टपुर में रविवार देर रात दिल्ली–यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ा हादसा हो गया। राजस्थान मार्बल के सामने दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 8 बजे दोनों मोटरसाइकिलें (UK16F-8458 और UK16D-1032) आमने-सामने से भिड़ गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार कुल छह युवक सड़क पर बुरी तरह से गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को 108 और निजी वाहनों की मदद से लेहमन अस्पताल, हरबर्टपुर पहुंचाया।
डॉक्टरों ने बताया कि हादसे में वेदांश (20) निवासी लंबरपुर बरोटीवाला और धोनी कश्यप (20) निवासी आसन पुल, विकासनगर की मौत हो चुकी है। वहीं, गंभीर रूप से घायल रमनदीप सिंह (17), विवेक कश्यप (19) और अंकित (22) को प्राथमिक उपचार के बाद ग्राफिक एरा अस्पताल, देहरादून रेफर किया गया है। एक अन्य युवक को हल्की चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे की वजह लगातार बारिश, फिसलन और कम विज़िबिलिटी रही। टक्कर इतनी तेज़ थी कि सड़क पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और घायलों को अस्पताल भेजा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।