Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u948756791/domains/thejagsamachar.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

चारधाम यात्रा 2026 के लिए पंजीकरण शुरू, श्रद्धालु वेबसाइट और ऐप से कर सकेंगे रजिस्ट्रेशन

चारधाम यात्रा अपडेट । उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का पंजीकरण शुक्रवार से शुरू होने जा रहा है। पर्यटन विभाग ने यात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शुक्रवार सुबह 7 बजे से श्रद्धालु ऑनलाइन माध्यम से पंजीकरण कर सकेंगे। इसके लिए विभाग की वेबसाइट और मोबाइल एप दोनों प्लेटफॉर्म पर सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से शुरू होगी। यात्रा के तहत 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खुलेंगे, जबकि 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए पंजीकरण अनिवार्य किया गया है।

पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट registrationandtouristcare.uk.gov.in तथा मोबाइल एप Tourist Care Uttarakhand के माध्यम से श्रद्धालु अपना पंजीकरण कर सकेंगे। भारतीय श्रद्धालुओं के लिए आधार कार्ड के जरिए पंजीकरण की व्यवस्था की गई है, जबकि विदेशी श्रद्धालु ई-मेल आईडी के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकेंगे।

पर्यटन सचिव ने बताया कि यात्रा शुरू होने से दो दिन पहले यानी 17 अप्रैल से ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए ऋषिकेश के ट्रांजिट कैंप, हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान और विकासनगर में पंजीकरण काउंटर खोले जाएंगे, जहां श्रद्धालु सीधे पहुंचकर अपना पंजीकरण करवा सकेंगे।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पर्यटन विभाग ने हेल्पलाइन भी जारी की है। यात्रा से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 0135-1364 पर चौबीसों घंटे सहायता उपलब्ध रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *