विधानसभा बजट सत्र को लेकर गैरसैंण-भराड़ीसैंण में ट्रैफिक डायवर्जन, भारी वाहनों के लिए नया रूट तय

गैरसैंण: भराड़ीसैंण में 9 से 13 मार्च तक आयोजित होने वाले विधानसभा बजट सत्र को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए विशेष रूट चार्ट जारी किया है। सत्र के दौरान क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों, वीआईपी, अधिकारियों और आम लोगों की आवाजाही को देखते हुए यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है।

पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह ने बताया कि विधानसभा सत्र के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने और यातायात संचालन को सुगम बनाने के लिए गैरसैंण-भराड़ीसैंण नगर क्षेत्र में भारी मालवाहक वाहनों के आवागमन पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है।

उन्होंने बताया कि 9 से 13 मार्च तक प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक यह प्रतिबंध लागू रहेगा। इस दौरान गैरसैंण से भराड़ीसैंण नगर क्षेत्र के बीच भारी मालवाहक वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बंद रहेगा।

पुलिस के अनुसार गढ़वाल से कुमाऊं की ओर जाने वाले मालवाहक वाहनों को कर्णप्रयाग–सिमली–ग्वालदम मार्ग का उपयोग करना होगा। वहीं, जिन व्यापारियों या लोगों को गैरसैंण क्षेत्र में सामान पहुंचाना है, वे अपने मालवाहक वाहन रात 8 बजे के बाद ही क्षेत्र में ला सकेंगे।

प्रशासन ने आम जनता और वाहन चालकों से अपील की है कि वे जारी रूट प्लान का पालन करें, ताकि विधानसभा सत्र के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *