रुद्रप्रयाग। केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा के पास सोमवार को दोबारा मलबा और पत्थर आने से रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। मार्ग की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सोनप्रयाग और गौरीकुंड से केदारनाथ धाम की ओर यात्रियों की आवाजाही रोक दी है। वहीं, धाम से लौट रहे यात्रियों को बीच के पड़ावों पर सुरक्षित स्थानों पर रोका जा रहा है।
गौरीकुंड से करीब 2.5 किलोमीटर आगे चीरबासा के पास सुबह से पैदल मार्ग के सुधारीकरण और मरम्मत का काम चल रहा था। इस दौरान केदारनाथ धाम से लौट रहे यात्रियों को भी सुरक्षित तरीके से पार कराया जा रहा था। इसी बीच बारिश शुरू होने से दोबारा मलबा और पत्थर आने लगे, जिसके बाद मार्ग पूरी तरह बंद हो गया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि चीरबासा में लगातार बारिश के कारण पैदल मार्ग पर दोबारा मलबा और पत्थर आए हैं। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए सोनप्रयाग और गौरीकुंड से आगे की यात्रा रोक दी गई है। मार्ग की स्थिति सामान्य होने के बाद ही आगे की आवाजाही के संबंध में निर्णय लिया जाएगा। प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
प्रशासन ने यात्रियों से सोनप्रयाग और गौरीकुंड में ही रुकने तथा मार्ग सामान्य होने तक आगे नहीं बढ़ने की अपील की है। वहीं, सोमवार सुबह मौसम सामान्य रहने के दौरान हेली सेवा के माध्यम से यात्रियों ने केदारनाथ धाम की यात्रा की।