कांवड़ यात्रा में दिखा राष्ट्रभक्ति का रंग, अग्नि-5 थीम वाली कांवड़ बनी आकर्षण का केंद्र

हरिद्वार: कांवड़ यात्रा 2026 में इस बार शिवभक्ति के साथ राष्ट्रभक्ति की अनूठी झलक भी देखने को मिल रही है। हरकी पैड़ी से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे कांवड़ियों के बीच बहादराबाद टोल प्लाजा के पास अग्नि-5 मिसाइल और भारत की सामरिक शक्ति की थीम पर तैयार की गई विशेष कांवड़ श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

 

दिल्ली से आए शिवभक्त दीपांशु भोला, राजवीर और हर्ष ने इस अनोखी कांवड़ को तैयार किया है। कांवड़ में अग्नि-5 मिसाइल की प्रतिकृति के साथ तिरंगे के रंगों का उपयोग किया गया है। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और राहगीर रुकते नजर आए। कई लोगों ने इस अनूठी कांवड़ के साथ फोटो और वीडियो भी बनाए।

 

दीपांशु भोला ने बताया कि यह कांवड़ देश की सीमाओं पर तैनात भारतीय सैनिकों को समर्पित है। उन्होंने कहा कि कांवड़ के माध्यम से भारतीय सेना के शौर्य, साहस और राष्ट्र सुरक्षा के प्रति सम्मान व्यक्त करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने बताया कि वह राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से प्रेरित हैं और पिछले वर्ष भी विशेष थीम पर कांवड़ लेकर आए थे।

 

कांवड़िए राजवीर ने बताया कि उनका उद्देश्य शिवभक्ति के साथ युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को भी मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष अलग-अलग थीम पर कांवड़ तैयार की जाती है। पिछले वर्ष ब्रह्मोस मिसाइल की थीम पर कांवड़ बनाई गई थी, जबकि इस बार भारत की बढ़ती सामरिक क्षमता और आत्मनिर्भर रक्षा शक्ति को दर्शाने के लिए अग्नि-5 थीम को चुना गया है।

 

हरिद्वार से गंगाजल लेकर रवाना हुआ यह दल 11 अगस्त को दिल्ली पहुंचेगा, जहां भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा। यात्रा मार्ग में जहां-जहां यह कांवड़ पहुंच रही है, वहां श्रद्धालु इसे देखने के लिए रुक रहे हैं और भारतीय सेना के प्रति सम्मान व्यक्त कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *