हरिद्वार कुंभ 2027 की तैयारियों पर गढ़वाल कमिश्नर की समीक्षा, मानसून से पहले पूरे होंगे प्रमुख निर्माण कार्य

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

हरिद्वार: गढ़वाल मंडल आयुक्त का कार्यभार संभालने के बाद पहली बार हरिद्वार पहुंचे आनंद स्वरूप ने कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर सीसीआर भवन में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में हरिद्वार, देहरादून, पौड़ी और टिहरी जिलों के जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए।

 

बैठक के दौरान कमिश्नर ने कुंभ मेले से जुड़े निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून से पूर्व निर्धारित समय सीमा वाले सभी कार्यों को पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में दिव्य और भव्य कुंभ मेले के आयोजन के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।

 

दिल्ली में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड के मद्देनजर कमिश्नर आनंद स्वरूप ने कहा कि कुंभ मेले से पहले हरिद्वार के होटल, अस्पताल, स्कूल और कॉलेजों का व्यापक फायर सेफ्टी ऑडिट कराया जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

 

ऑनलाइन जुड़ीं मेलाधिकारी सोनिका

 

कुंभ मेले की इस महत्वपूर्ण बैठक में मेलाधिकारी सोनिका व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो सकीं। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में हिस्सा लिया। उनकी ओर से अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने कुंभ से जुड़े निर्माण कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।

 

गढ़वाल कमिश्नर ने बताया कि कुंभ मेले के लिए बनाए जा रहे पुलों, गंगा घाटों और अन्य स्थायी निर्माण कार्यों को मानसून से पहले पूरा कर लिया जाएगा। जबकि रंगाई-पुताई और अन्य फिनिशिंग कार्य बारिश के बाद किए जाएंगे। अस्थायी ढांचों और सुविधाओं का निर्माण भी तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

ज्वालापुर और मोतीचूर रेलवे स्टेशन का होगा कायाकल्प

 

बैठक में रेलवे अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। कुंभ मेले के बजट से हरिद्वार से जुड़े ज्वालापुर और मोतीचूर रेलवे स्टेशनों के सौंदर्यीकरण और यात्री सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने स्टेशन परिसर में बेहतर व्यवस्थाएं विकसित करने की योजना पर भी विचार-विमर्श किया।

 

कमिश्नर आनंद स्वरूप ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश देते हुए कहा कि कुंभ मेले की तैयारियों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य समय पर पूरे किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *