देहरादून: नीट यूजी परीक्षा को लेकर देशभर में उठे विवाद और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मामलों को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा है। देहरादून में जिला कांग्रेस कमेटी ने शिक्षा व्यवस्था में बढ़ते भ्रष्टाचार, भर्ती परीक्षाओं में देरी और पेपर लीक की घटनाओं को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लाखों युवा वर्षों की मेहनत और उम्मीदों के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन बार-बार पेपर लीक और परीक्षाओं में अनियमितताओं के कारण उनका भविष्य संकट में पड़ रहा है। उनका आरोप है कि सरकार युवाओं के सवालों का जवाब देने से बच रही है, जबकि इस मुद्दे पर उसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए।
युवाओं पर बढ़ रहा मानसिक दबाव
कांग्रेस ने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में लगातार देरी, परीक्षाओं का रद्द होना और पेपर लीक जैसी घटनाओं से युवाओं को मानसिक तनाव और असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी का आरोप है कि नकल माफिया और भ्रष्टाचार के कारण सरकारी भर्ती प्रणाली पर युवाओं का भरोसा लगातार कमजोर हो रहा है।
रिया थापा प्रकरण का भी किया उल्लेख
कांग्रेस नेताओं ने देहरादून की छात्रा रिया थापा का जिक्र करते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं के दबाव और मानसिक तनाव के बीच एक होनहार बेटी ने अपनी जान गंवा दी। पार्टी का कहना है कि आज मेहनती युवाओं को अपनी प्रतिभा से ज्यादा व्यवस्था की विफलताओं से संघर्ष करना पड़ रहा है।
सरकारी संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल
कांग्रेस ने कहा कि जब बार-बार परीक्षाएं रद्द होती हैं, प्रश्नपत्र लीक होते हैं और भर्ती प्रक्रियाएं लंबित रहती हैं, तो युवाओं में यह भावना पैदा होती है कि मेहनत और योग्यता का कोई मूल्य नहीं रह गया है। इससे सरकारी संस्थाओं की विश्वसनीयता प्रभावित हो रही है और लाखों युवाओं का मनोबल टूट रहा है।
बीजेपी सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता प्रतिमा सिंह ने कहा कि एक ओर भाजपा सरकार सख्त नकल विरोधी कानून की बात करती है, वहीं दूसरी ओर लगातार पेपर लीक के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 से अब तक ऐसी कोई बड़ी परीक्षा नहीं हुई, जिस पर धांधली या अनियमितताओं के आरोप न लगे हों।
उन्होंने कहा कि पेपर लीक मामलों में आरोपियों के खिलाफ सरकार की कमजोर पैरवी के कारण कई आरोपी राहत पाने में सफल हुए हैं, जिससे नकल माफियाओं के हौसले बढ़े हैं।
पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की मांग
कांग्रेस ने सरकार से भर्ती परीक्षाओं को समयबद्ध तरीके से आयोजित करने, पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि युवाओं के भविष्य से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।