चंपावत। जिला मुख्यालय के गोरल चौड़ मैदान में शनिवार को आयोजित पॉलिटेक्निक कॉलेज की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। जैवलिन थ्रो (भाला फेंक) अभ्यास के समय एक छात्र का भाला फुटबॉल खेल रहे छात्र को लग गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
20 वर्षीय छात्र की मौत से मचा हड़कंप
घटना में राजकीय पॉलिटेक्निक चंपावत के द्वितीय वर्ष के छात्र 20 वर्षीय सोमेंद्र सिंह बोहरा गंभीर रूप से घायल हो गए। भाला गर्दन और कंधे के बीच गहराई तक धंस गया, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ।
उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
खेल अभ्यास के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार कॉलेज में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का पहला दिन था। छात्र फुटबॉल और जैवलिन थ्रो दोनों का अभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान जैवलिन थ्रो कर रहे एक छात्र का भाला फुटबॉल खेल रहे सोमेंद्र को जा लगा।
बिना प्रशिक्षित स्टाफ के आयोजन पर सवाल
बताया जा रहा है कि कॉलेज में स्पोर्ट्स टीचर की अनुपस्थिति में प्रतियोगिता आयोजित की जा रही थी। बिना विशेषज्ञ देखरेख के हो रहे अभ्यास को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
परिवार में कोहराम
मृतक छात्र मूल रूप से रीठा साहिब के मछियाड़ गांव के निवासी थे और चंपावत में अपनी बुआ के साथ रहकर पढ़ाई कर रहे थे। उनके पिता गुजरात में कार्यरत हैं और हादसे की सूचना मिलते ही रवाना हो गए हैं।
प्रशासनिक जांच के संकेत
घटना के बाद कॉलेज प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। मामले की जांच की संभावना जताई जा रही है कि आखिर सुरक्षा मानकों की अनदेखी कैसे हुई।