देहरादून: देशभर में कल आयोजित होने जा रहे NEET-UG री-एग्जाम को लेकर उत्तराखंड में व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रदेश के 10 जिलों में बनाए गए 53 परीक्षा केंद्रों पर 21 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं।
देहरादून जिला प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 लागू कर दी है। इसके तहत परीक्षा केंद्रों के आसपास लाउडस्पीकर, भीड़, जुलूस, नारेबाजी और अन्य शोरगुल वाली गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन का कहना है कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की एकाग्रता प्रभावित न हो, इसके लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
जारी आदेश के अनुसार परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी व्यक्ति को हथियार, लाठी, हॉकी स्टिक, तलवार, तेजधार वस्तुएं, विस्फोटक सामग्री या ऐसी किसी वस्तु के साथ घूमने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने, सार्वजनिक सभा, प्रदर्शन और वाहनों के जुलूस पर भी रोक लगाई गई है।
सुरक्षा के विशेष इंतजाम
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि परीक्षा की सुरक्षा के लिए पुलिस के साथ केंद्रीय अर्धसैनिक बल (CPMF) की भी तैनाती की गई है। प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन के लिए स्कॉर्ट ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र के लिए उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारी को प्रभारी बनाया गया है। पिछले कई दिनों से स्थानीय पुलिस अधिकारियों द्वारा परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जांच की जा रही है।
हरिद्वार में 5 जोन और 12 सेक्टर बनाए गए
हरिद्वार जिले में परीक्षा को लेकर विशेष सुरक्षा योजना लागू की गई है। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में जिले को 5 जोन और 12 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। एसपी क्राइम निशा यादव को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिले में कुल 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 8 ग्रामीण और 4 शहरी क्षेत्र में स्थित हैं।
इन जिलों में बनाए गए परीक्षा केंद्र
नैनीताल जिले में 11 परीक्षा केंद्रों पर 3,874 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। पूरे जिले को 2 जोन और 11 सेक्टरों में बांटा गया है। ऊधमसिंह नगर में 5 परीक्षा केंद्रों पर 2,528 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
पिथौरागढ़ जिले में केंद्रीय विद्यालय और जवाहर नवोदय विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। वहीं अल्मोड़ा जिले में द्वाराहाट स्थित बिपिन त्रिपाठी कुमाऊं प्रौद्योगिकी संस्थान को परीक्षा केंद्र के रूप में चिन्हित किया गया है।
प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश-निकास व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, जैमर, सुरक्षा प्रबंधन, पेयजल, बिजली और शौचालय सुविधाओं की जांच पूरी कर ली है। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।