नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग पर गिरा चीड़ का विशाल पेड़, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने मौके पर शुरू कराया राहत कार्य

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

हल्द्वानी: नैनीताल-हल्द्वानी राष्ट्रीय मार्ग पर रविवार दोपहर वल्दियाखान क्षेत्र में अचानक चीड़ का एक विशाल पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को बीच रास्ते में फंसना पड़ा। इसी दौरान मौके से गुजर रहे कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने स्थिति का जायजा लेते हुए तत्काल राहत कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।

 

कमिश्नर ने अधिकारियों को दिए तत्काल निर्देश

 

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने जिला आपदा प्रबंधन, पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल संपर्क किया और सड़क पर गिरे पेड़ को जल्द हटाकर यातायात बहाल करने के निर्देश दिए। इसके बाद संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं और पेड़ हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया।

 

यात्रियों से धैर्य रखने और जोखिम न उठाने की अपील

 

मौके पर मौजूद यात्रियों से बातचीत करते हुए दीपक रावत ने धैर्य बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि राहत कार्य तेजी से चल रहा है और जल्द ही मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।

 

इस दौरान कुछ बाइक और दोपहिया वाहन चालक पेड़ के नीचे और किनारे से वाहन निकालने का प्रयास कर रहे थे। आयुक्त ने स्वयं उन्हें रोकते हुए समझाया कि ऐसी जल्दबाजी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

 

बरसात में सतर्क रहने की सलाह

 

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में पहाड़ी मार्गों पर यात्रा के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतें और सड़क अवरुद्ध होने या किसी भी आपदा की स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

 

राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन मार्ग को जल्द पूरी तरह सुचारु करने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *