मसूरी-देहरादून मार्ग पर रात में वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित, टेंपो ट्रैवलर सेवा बहाल

देहरादून: मसूरी-देहरादून मार्ग पर लगातार हो रहे भूस्खलन को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। सुरक्षा के मद्देनजर अब इस मार्ग पर रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक सभी सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। केवल आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों और विशेष परिस्थितियों में ही रात के समय आवागमन की अनुमति दी जाएगी। वहीं, तीन दिनों के लंबे इंतजार के बाद देहरादून से मसूरी के लिए टेंपो ट्रैवलर सेवा दोबारा शुरू कर दी गई है, हालांकि रोडवेज बस सेवा अभी भी बंद है।

 

पानी बैंड पर भूस्खलन के बाद लिया गया फैसला

 

लगातार भारी बारिश के चलते कुछ दिन पहले पानी बैंड के पास सड़क का आधा हिस्सा धंस गया था। सड़क में दरारें आने के कारण यातायात प्रभावित हो गया था। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने बैक कटिंग कर मार्ग को अस्थायी रूप से सुचारु कराया, लेकिन बुधवार शाम को एक बार फिर पहाड़ी से मलबा आने की घटना सामने आई। इसके बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर रात के समय वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने का निर्णय लिया।

 

प्रशासन अलर्ट, पुलिस को दिए निर्देश

 

एसडीएम राहुल आनंद ने मसूरी और राजपुर थाना पुलिस को आपदा की स्थिति को देखते हुए अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक मार्ग पर सामान्य वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।

 

लोक निर्माण विभाग के जूनियर इंजीनियर प्रदीप शाही ने बताया कि देहरादून-मसूरी मार्ग फिलहाल दिन के समय यातायात के लिए खुला है, लेकिन किमाड़ी मार्ग अभी तक बहाल नहीं हो सका है।

 

तीन दिन बाद शुरू हुई टेंपो ट्रैवलर सेवा

 

भूस्खलन के कारण सोमवार से बंद पड़ी देहरादून-मसूरी टेंपो ट्रैवलर सेवा गुरुवार से फिर शुरू कर दी गई है। इससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को राहत मिली है। हालांकि बड़े वाहनों की आवाजाही में अब भी दिक्कत बनी हुई है, जिसके चलते रोडवेज बस सेवा फिलहाल शुरू नहीं की जा सकी है।

 

मंडलीय प्रबंधक सुरेश चौहान ने बताया कि फिलहाल टेंपो ट्रैवलर का संचालन किया जा रहा है। रोडवेज बस का देहरादून से मसूरी तक का किराया 80 रुपये प्रति यात्री है, जबकि टेंपो ट्रैवलर में यात्रियों को 105 रुपये प्रति व्यक्ति किराया देना होगा।

 

जीरो प्वाइंट के पास खाई में गिरे व्यक्ति को सुरक्षित निकाला

 

इधर, मसूरी के जीरो प्वाइंट के पास गुरुवार दोपहर एक व्यक्ति खाई में गिर गया। सूचना मिलने पर फायर सर्विस और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर घायल को सुरक्षित बाहर निकाला।

 

फायर विभाग के अधिकारी धीरज सिंह तड़ियाल ने बताया कि दोपहर करीब 2:15 बजे हुई इस घटना में घायल की पहचान 45 वर्षीय कुंदन लाल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से टिहरी गढ़वाल के बंसुल गांव के निवासी हैं और वर्तमान में कैंपटी क्षेत्र में रह रहे हैं। प्राथमिक उपचार के लिए उन्हें उप जिला चिकित्सालय भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *