मनसा देवी और चंडी देवी रोपवे कुछ दिनों के लिए बंद, श्रद्धालुओं को पैदल करना होगा सफर

हरिद्वार: कांवड़ मेले से पहले हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण खबर है। प्रसिद्ध मनसा देवी और चंडी देवी मंदिर का रोपवे निर्धारित अवधि तक मेंटेनेंस के चलते बंद रहेगा। रोपवे का संचालन करने वाली कंपनी ऊषा ब्रेको ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि मनसा देवी रोपवे 8 से 11 जुलाई और चंडी देवी रोपवे 13 से 16 जुलाई तक बंद रहेगा।

 

रोपवे बंद रहने के दौरान दोनों मंदिरों में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को पैदल मार्ग का ही सहारा लेना होगा। कंपनी के अनुसार, कांवड़ मेले से पहले रोपवे की अर्धवार्षिक तकनीकी जांच और रखरखाव किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

 

ब्रिडकुल करेगा निरीक्षण

 

मेंटेनेंस के दौरान रोपवे और पुलों की निगरानी करने वाली सरकारी संस्था ब्रिडकुल के नामित अधिकारी भी रोपवे का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान सभी तकनीकी पहलुओं की जांच की जाएगी।

 

रोजाना हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं दर्शन के लिए

 

हरिद्वार के ऊंचे पहाड़ों पर स्थित मनसा देवी और चंडी देवी मंदिर में प्रतिदिन करीब 40 हजार श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इनमें से औसतन 10 हजार श्रद्धालु मनसा देवी और करीब 3 हजार श्रद्धालु चंडी देवी मंदिर जाने के लिए रोपवे का उपयोग करते हैं। मनसा देवी मंदिर लगभग डेढ़ किलोमीटर और चंडी देवी मंदिर करीब तीन किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है।

 

नए रोपवे के लिए भी होगा सर्वे

 

मेंटेनेंस के दौरान नए रोपवे की योजना पर भी काम किया जाएगा। ब्रिडकुल के अधिकारी रोपवे का सर्वे करेंगे। यदि सर्वे रिपोर्ट संतोषजनक रही, तो पुराने रोपवे की जगह नया रोपवे स्थापित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। हालांकि, नए रोपवे के निर्माण की समय-सीमा अभी तय नहीं की गई है।

 

क्या बोले महाप्रबंधक?

 

ऊषा ब्रेको के महाप्रबंधक मनोज डोभाल ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नियमित मेंटेनेंस किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मनसा देवी मंदिर में 8 से 11 जुलाई और चंडी देवी मंदिर में 13 से 16 जुलाई तक मेंटेनेंस कार्य चलेगा। इस अवधि में दोनों रोपवे पूरी तरह बंद रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *