मुख्य आरोपी भारत-नेपाल बॉर्डर की पहाड़ियों में छिपा, मौसम बना पुलिस के लिए चुनौती

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

देहरादून। एंजेल चकमा हत्याकांड के मुख्य आरोपी यज्ञ राज अवस्थी को लेकर पुलिस को अहम जानकारी मिली है। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी भारत-नेपाल सीमा से सटी पहाड़ियों में छिपा हुआ है। हालांकि, खराब मौसम और भारी बर्फबारी के कारण पुलिस को उसे पकड़ने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

खराब मौसम के चलते लौट आईं पुलिस टीमें

आरोपी की तलाश में भेजी गई पुलिस टीमें हाल ही में मौसम खराब होने के कारण देहरादून लौट आई हैं। बॉर्डर क्षेत्र में लगातार बर्फबारी और अत्यधिक ठंड सर्च ऑपरेशन में बड़ी बाधा बन रही है। अधिकारियों का कहना है कि मौसम सामान्य होते ही फिर से तलाशी अभियान तेज किया जाएगा।

नेपाल सरकार से संपर्क में दून पुलिस

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक देहरादून पुलिस ने इस मामले में गृह मंत्रालय को पत्र भेज दिया है। साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी के लिए नेपाल सरकार से भी लगातार बातचीत की जा रही है। सीमा पार सहयोग के जरिए आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

मामूली विवाद से हत्या तक पहुंचा मामला

पुलिस के अनुसार यह घटना नौ दिसंबर को सेलाकुई थाना क्षेत्र में हुई थी। मामूली विवाद के दौरान कुछ युवकों ने त्रिपुरा निवासी छात्र एंजेल चकमा और उसके भाई माइकल चकमा पर हमला किया था। विवाद बढ़ने पर एक आरोपी ने पास की दुकान से चाकू उठाकर एंजेल पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान 26 दिसंबर को एंजेल की मौत हो गई।

छह आरोपी नामजद, पांच गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इनमें से पांच को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। मुख्य आरोपी यज्ञ राज अवस्थी घटना के बाद से फरार है और पिछले करीब 25 दिनों से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

फोन बंद, किसी से संपर्क नहीं

पुलिस के अनुसार फरार आरोपी ने घटना के बाद से अपना मोबाइल फोन एक बार भी चालू नहीं किया है। उसने न तो अपने माता-पिता से संपर्क किया है और न ही किसी रिश्तेदार या दोस्त से बात की है। इस कारण पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में कोई ठोस सुराग नहीं मिल पा रहा है।

मौसम सामान्य होते ही तेज होगा अभियान

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह ने बताया कि आरोपी के भारत-नेपाल बॉर्डर क्षेत्र में छिपे होने की सूचना है। भारी बर्फबारी के कारण फिलहाल तलाशी में कठिनाई आ रही है, लेकिन जैसे ही मौसम सामान्य होगा, सर्च ऑपरेशन को दोबारा तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *