देहरादून: राजधानी देहरादून के डोईवाला क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक बीएसएफ जवान पर अपनी कथित प्रेमिका को जहर देकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद आरोपी जवान ने भी कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। फिलहाल उसका दून अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि महिला की मौत हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार, घटना का खुलासा तब हुआ जब आरोपी की पत्नी ने सूचना दी कि उसके पति ने फोन कर अपनी लोकेशन भेजी और बताया कि उसने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी है तथा खुद भी जहर खा लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस लोकेशन के आधार पर मियांवाला चौक स्थित एक होमस्टे पहुंची।
पुलिस को कमरे में 38 वर्षीय बीएसएफ जवान, निवासी मोहब्बेवाला (क्लेमेंटाउन), अचेत अवस्था में मिला, जबकि 40 वर्षीय महिला, निवासी गूलरघाटी (नकरौंदा), मृत पाई गई। पुलिस ने जवान को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे दून अस्पताल रेफर किया गया। उसका उपचार जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। पुलिस के अनुसार, छुट्टी पर घर आया बीएसएफ जवान पिछले दो दिनों से महिला के साथ उक्त होमस्टे में ठहरा हुआ था।
मृतका के पति ने डोईवाला कोतवाली में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी और आरोपी के बीच लंबे समय से संबंध थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी विवाद के चलते आरोपी ने उनकी पत्नी को जहर देकर उसकी हत्या कर दी।
घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने मृतका के पति की शिकायत के आधार पर बीएसएफ जवान के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपी फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है। उसके स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद पूछताछ की जाएगी, जिसके बाद घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।