चारधाम यात्रा अपडेट। चारधाम यात्रा के तहत 22 अप्रैल से शुरू हो रही केदारनाथ हेली सेवा के लिए पहले चरण की बुकिंग एक घंटे के भीतर ही फुल हो गई। 15 जून तक की सभी टिकटें बुक हो चुकी हैं। कुल 31,607 यात्रियों ने हेली टिकट की बुकिंग कराई है।
केदारनाथ धाम यात्रा के लिए हेली सेवा की सबसे ज्यादा मांग रहती है। इसका अंदाजा आईआरसीटीसी के पोर्टल पर हुई तेज बुकिंग से लगाया जा सकता है। बुधवार को शाम छह बजे पोर्टल खोला गया, जिसमें यात्रियों को 22 अप्रैल से 15 जून तक की यात्रा के लिए टिकट बुक करने का अवसर दिया गया।
शुरुआत में पोर्टल पर लोड बढ़ने से कुछ तकनीकी दिक्कतें आईं, लेकिन इसके बाद एक घंटे के भीतर ही 15 जून तक की सभी टिकटें फुल हो गईं।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के सीईओ आशीष चौहान ने बताया कि पहले चरण में 15 जून तक की हेली सेवा की सभी टिकटें बुक हो चुकी हैं। आगे की यात्रा के लिए हेली सेवा की बुकिंग तिथि जून माह के पहले सप्ताह में तय की जाएगी।
केदारनाथ धाम के लिए गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा से हेली सेवा संचालित होती है। इस बार गुप्तकाशी से ट्रांस भारत और चिप्सन एविएशन, फाटा से यूनाइटेड हेली चार्टर्ड, रजस एयरोपोर्ट और पिलिग्रेमेज एविएशन तथा सिरसी से एरो एयरक्राफ्ट और हिमालयन हेली के माध्यम से शटल सेवा संचालित की जाएगी।