कश्मीरी युवक पर हिंसा, उमर अब्दुल्ला ने जताई नाराज़गी, सीएम धामी से फोन पर की बात

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

देहरादून | राजधानी देहरादून में एक कश्मीरी शॉल विक्रेता युवक के साथ हुई हिंसक घटना ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले में अब जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी कड़ी नाराज़गी जताई है। उन्होंने गुरुवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात कर घटना पर गंभीर चिंता व्यक्त की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

 

जम्मू-कश्मीर मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, उमर अब्दुल्ला ने मुख्यमंत्री धामी से साफ कहा कि इस तरह की घटनाएं पूरी तरह अस्वीकार्य हैं और दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

सोशल मीडिया पर भी जताया गुस्सा

सीएम उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि हाल के दिनों में हिमाचल प्रदेश सहित अन्य जगहों पर कश्मीरियों के खिलाफ हुई घटनाओं की श्रृंखला बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा, “जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है, लेकिन देश के अन्य हिस्सों में कश्मीरियों को डर के माहौल में जीना पड़ रहा है। मेरी सरकार जहां जरूरत होगी, हस्तक्षेप करेगी और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए हर जरूरी कदम उठाएगी।”
उन्होंने भारत सरकार के गृह मंत्रालय से भी अन्य राज्यों को संवेदनशील बनाने के लिए जरूरी कदम उठाने की अपील की।

सीएम धामी का आश्वासन: होगी सख्त कार्रवाई

उत्तराखंड मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी दी कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है। साथ ही उन्होंने उत्तराखंड में रह रहे जम्मू-कश्मीर के नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात कही है।

राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी तेज

इस घटना को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। पीडीपी नेता इल्तिजा मुफ्ती ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे कश्मीरियों के खिलाफ बढ़ती हिंसा से जोड़ा। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि 18 वर्षीय कश्मीरी युवक पर लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिससे उसकी हड्डियां टूट गईं। उन्होंने सीएम धामी से सवाल किया कि क्या इस मामले में ठोस कार्रवाई होगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

क्या है पूरा मामला?

यह घटना विकासनगर के डाकपत्थर इलाके की है। जब बुधवार शाम पीड़ित के परिजनों के अनुसार, हमलावरों ने पहले युवक और उसके परिवार से उनकी पहचान पूछी। जैसे ही उन्हें पता चला कि वे मुस्लिम समुदाय से हैं और कश्मीर के निवासी हैं, हिंसा और बढ़ गई।
युवक को बेरहमी से पीटा गया, उसके परिजनों को घसीटा गया, थप्पड़ मारे गए और नुकीली लोहे की रॉड से हमला किया गया।

घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *