हल्द्वानी: विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम के स्थापना दिवस मेले को लेकर जिला प्रशासन और परिवहन विभाग ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। 15 जून को आयोजित होने वाले मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए 14 और 15 जून को विशेष शटल सेवा संचालित की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बस, टैक्सी और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है तथा किराया भी निर्धारित कर दिया गया है।
प्रशासन के अनुसार, हर वर्ष की तरह इस बार भी देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु नीम करौरी बाबा के दर्शन के लिए कैंची धाम पहुंचेंगे। बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से विशेष यातायात योजना लागू की है।
आरटीओ (प्रवर्तन) अरविंद पांडे ने बताया कि श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए हल्द्वानी, काठगोदाम, भीमताल, नैनीताल, भवाली और खैरना से विशेष शटल सेवाएं संचालित की जाएंगी।
60 रोडवेज और 150 केएमओयू बसें रहेंगी उपलब्ध
मेले के दौरान बाहरी जिलों और राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 60 रोडवेज बसों का संचालन किया जाएगा। ये बसें हल्द्वानी, काठगोदाम रेलवे स्टेशन और रोडवेज स्टेशन से कैंची धाम तक चलेंगी।
इसके अलावा कुमाऊं मोटर ओनर्स यूनियन (केएमओयू) की करीब 150 बसें विभिन्न मार्गों पर संचालित होंगी। भीमताल से कैंची धाम रूट पर ग्राफिक एरा संस्थान की 30 बसें भी लगाई जाएंगी।
टैक्सी-मैक्सी सेवाओं की भी विशेष व्यवस्था
श्रद्धालुओं को कैंची धाम तक पहुंचाने के लिए भवाली से 150 टैक्सी-मैक्सी और भीमताल से 100 टैक्सी-मैक्सी वाहनों का संचालन किया जाएगा।
निर्धारित किराया
हल्द्वानी/काठगोदाम से कैंची धाम: ₹150 प्रति यात्री
भीमताल/नैनीताल से कैंची धाम: ₹100 प्रति यात्री
भवाली/खैरना से कैंची धाम: ₹50 प्रति यात्री
भवाली से टैक्सी शटल सेवा: ₹50 प्रति यात्री
अधिक किराया वसूलने पर होगी कार्रवाई
आरटीओ ने बताया कि सभी बस और टैक्सी संचालकों को वाहनों पर रूट और किराया सूची प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित दर से अधिक किराया वसूलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भवाली से कैंची धाम तक आम वाहनों की एंट्री रहेगी बंद
प्रशासन के अनुसार, मेले के दौरान भवाली से कैंची धाम तक आम वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। श्रद्धालुओं को केवल अधिकृत शटल सेवा के माध्यम से ही मंदिर तक पहुंचने की अनुमति होगी।
अधिकारियों का कहना है कि इस बार मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।