बेटी की शादी के जेवरों से भरा बैग खोया, पुलिस ने खोजकर लौटाया, परिवार ने जताया आभार

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड पुलिस की तत्परता और जनसेवा का एक सराहनीय उदाहरण रुद्रप्रयाग जनपद में देखने को मिला। कोतवाली रुद्रप्रयाग पुलिस ने बेटी की शादी के जेवरात, कपड़े और जरूरी दस्तावेजों से भरा खोया हुआ बैग सुरक्षित बरामद कर उसके स्वामी को सौंप दिया। बैग मिलने के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।

 

जानकारी के अनुसार, चमोली जिले के गौणा गांव निवासी दलीप सिंह ने 6 जून को डायल-112 पर सूचना दी कि नगरासू के पास भोजन के लिए बस से उतरते समय उनका बैग वाहन में ही छूट गया। बैग में बेटी की शादी के लिए रखे गए कीमती आभूषण, कपड़े और महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे। सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि उन्हें बस का नंबर भी याद नहीं था।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए रुद्रप्रयाग पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। पुलिस कंट्रोल रूम की टीम ने नगरासू क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और दलीप सिंह की मौजूदगी में संबंधित बस की पहचान की। इसके बाद जीएमओयू प्रबंधन से संपर्क कर ई-चालान प्रणाली के माध्यम से वाहन स्वामी और चालक की जानकारी जुटाई गई।

 

पुलिस के संपर्क करने पर बस चालक ने भी सहयोग दिखाते हुए बताया कि वह यात्रियों को ऋषिकेश छोड़ने जा रहा है और वापसी में बैग को सुरक्षित पुलिस के सुपुर्द कर देगा। चालक ने अपने वादे के अनुसार बैग को सुरक्षित कोतवाली रुद्रप्रयाग पहुंचाकर पुलिस को सौंप दिया।

 

पुलिस ने बैग में मौजूद सभी सामान का सत्यापन करने के बाद उसे सकुशल दलीप सिंह को लौटा दिया। बेटी की शादी के जेवरात और अन्य जरूरी सामान सुरक्षित मिलने पर परिवार ने राहत की सांस ली।

 

दलीप सिंह ने उत्तराखंड पुलिस की त्वरित कार्यशैली, तकनीकी दक्षता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना करते हुए पूरी टीम का धन्यवाद किया। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि उत्तराखंड पुलिस आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *