The Jag Samachar
उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के धराली गांव के पास बादल फटने से भारी तबाही मच गई है ।तेज बारिश के साथ आए मलबे और पानी के तेज बहाव ने कई घर, दुकानें और वाहन बहा दिए। अब तक की जानकारी के मुताबिक, 70 से अधिक लोग लापता बताए जा रहे हैं, जबकि 4 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं।
कैसे हुआ हादसा?
ये हादसा भारी बारिश और गर्ज के साथ अचानक बादल फटने के कारण हुआ। बादल फटने के चंद मिनटों में ही पूरा क्षेत्र प्रलय में तब्दील हो गया। गंगोत्री हाईवे पर कई जगहों पर मलबा जमा हो गया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप है।

रेस्क्यू ऑपरेशन तेज़ी से जारी
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। SDRF, NDRF और सेना की टीमें मौके पर पहुंची और अब तक काफी लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद से लापता लोगों की तलाश की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना को “बेहद दुखद” बताया और राहत कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक-एक लापता व्यक्ति तक पहुंचना प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रभावित परिवारों को तुरंत राहत राशि और मदद उपलब्ध कराई जा रही है।
आगे भी खतरा बरकरार
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी और आसपास के क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। अगले 48 घंटे में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे और ढलानों से दूर रहने की अपील की है।