हल्द्वानी में भीषण सड़क हादसा, ओवरटेक के दौरान पलटी यात्री बस, एक की मौत, कई घायल

हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी क्षेत्र में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हल्द्वानी से पहाड़ की ओर जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार गूंज उठी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि सात से आठ यात्री घायल हुए हैं।

ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार हादसा खूपी के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बस चालक ने आगे चल रही टैक्सी को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।

ग्रामीणों ने चलाया रेस्क्यू अभियान

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से कई घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया गया है कि एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।

ज्योलीकोट चौकी इंचार्ज श्याम बोरा ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *