चमोली में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा, युवक की मौके पर मौत; चालक गिरफ्तार

चमोली: जिला मुख्यालय गोपेश्वर में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा लीसा फैक्ट्री बाईपास मोड़ पर हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक बाइक समेत ट्रक के नीचे फंस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

 

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मुकेश नेगी, पुत्र कलम सिंह, निवासी लॉ कॉलेज के पास, गोपेश्वर के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन युवक ट्रक के नीचे बुरी तरह फंसा हुआ था। जेसीबी की मदद से उसे बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक चालक गवीलो गांव के पास सड़क किनारे खड़े कई वाहनों को टक्कर मारते हुए गोपेश्वर की ओर भाग रहा था। पुलिस के मुताबिक, पटियालधार पुलिस चौकी पर उसे रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक बैरिकेड्स तोड़कर फरार हो गया। इसके बाद लीसा फैक्ट्री बाईपास मोड़ पर उसने मुकेश नेगी की बाइक को टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हो गया।

 

घटना के बाद पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है और ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे से मृतक के परिवार में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

वहीं, स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि खनन सामग्री ढोने वाले तेज रफ्तार ट्रकों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने के कारण ऐसे हादसे हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि ट्रक को पहले ही रोक लिया जाता तो इस दुर्घटना को टाला जा सकता था।

 

स्थानीय नागरिकों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए तेज रफ्तार एवं नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *