देहरादून। देहरादून के ओल्ड सर्वे रोड पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार इनोवा कार ने सड़क पर चल रहे करीब पांच लोगों को टक्कर मार दी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, जाखन की ओर से ओल्ड सर्वे रोड की तरफ आ रही इनोवा कार को गुनीत सिंह चला रहा था। अचानक वाहन की रफ्तार बढ़ने से चालक नियंत्रण खो बैठा और सड़क पर चल रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में बाइक सवार रोहित फिलिप और उनका बेटा अनूप फिलिप गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान रोहित फिलिप की मौत हो गई, जबकि अनूप फिलहाल उपचाराधीन है।
इसके अलावा एक अन्य गंभीर घायल को पहले दून अस्पताल ले जाया गया, बाद में हालत बिगड़ने पर उसे वैश्य नर्सिंग होम रेफर किया गया। एक अन्य घायल को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, हालांकि देर रात तक उसकी पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई थी।
हादसे के बाद अनियंत्रित कार सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालक गुनीत सिंह को हिरासत में ले लिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी का क्रॉस मॉल में शोरूम बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है