चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में लगातार हो रही बारिश अब लोगों के लिए परेशानी बढ़ाने लगी है। सोमवार दोपहर हुई मूसलाधार बारिश के बाद तमक नाला अचानक उफान पर आ गया। तेज बहाव के चलते नाले पर BRO की ओर से बनाया जा रहा नया लोहे का पुल देखते ही देखते बह गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें नाले का खौफनाक रूप दिखाई दे रहा है।

तमक नाले के उफान में बहा पुल
तमक नाले में अचानक आई बाढ़ से नीति घाटी में निर्माणाधीन पुल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुल के बह जाने के बाद मलारी गांव से आगे का संपर्क कट गया है और आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई है।
बारिश के बीच नाले के अचानक विकराल रूप लेने से आसपास के इलाकों में भी दहशत का माहौल है। प्रशासन ने लोगों को नदी-नालों और संवेदनशील स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है।
SDRF और NDRF की टीमें रवाना
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए SDRF और NDRF की टीमों को मौके के लिए रवाना किया गया है। प्रशासन की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं बचाव की तैयारियां की जा रही हैं।
अभी जनहानि की सूचना नहीं
राहत की बात यह है कि तमक नाले के उफान और पुल के बहने की घटना में फिलहाल किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि पुल के क्षतिग्रस्त होने से नीति घाटी में आवाजाही प्रभावित हुई है।
बारिश के बीच पहाड़ी क्षेत्रों में नदी-नालों के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों और यात्रियों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है।