हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। गंगाजल लेकर ग्रेटर नोएडा लौट रहे एक कांवड़िए को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आरोपियों की तलाश में देर रात तक अभियान चलाया गया।
जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान अजय निवासी ग्रेटर नोएडा के रूप में हुई है। अजय अपने साथियों के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर नोएडा लौट रहा था। रविवार देर रात कांवड़ियों का दल कनखल थाना क्षेत्र में गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास हाईवे किनारे रात्रि विश्राम कर रहा था।
कांवड़ियों के मुताबिक, हाईवे के ऊपर बने पुल पर कुछ युवक शराब पी रहे थे और शोर-शराबा कर रहे थे। कांवड़ियों ने उन्हें शांति बनाए रखने के लिए कहा, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि कुछ समय बाद वे युवक पुल से नीचे आए और कांवड़ियों के पास पहुंच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इससे पहले कि कांवड़िए कुछ समझ पाते, हमलावरों ने अजय पर गोली चला दी। गोली उसके सीने की बजाय कंधे में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया। फिलहाल उसका उपचार जारी है।
घटना के बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस को मौके से एक बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है, जिसे हमलावर छोड़कर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि पांच से छह आरोपी अन्य बाइकों पर सवार होकर घटनास्थल से भाग निकले।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, कनखल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत और एसएसआई अनुज सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कांवड़ियों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घायल अजय जिस दल के साथ यात्रा कर रहा था, वह गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर 221 लीटर गंगाजल की विशेष कांवड़ लेकर हरिद्वार से नोएडा जा रहा था। इस दल में करीब दस गौ सेवक शामिल थे और उन्हें लगभग 240 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी करनी थी।
घटना के बाद स्थानीय गौ सेवकों और सामाजिक संगठनों में भी रोष देखा गया। उन्होंने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
एसएसआई अनुज सिंह ने बताया कि पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस की कई टीमें फरार हमलावरों की तलाश में जुटी हुई हैं।