MBBS दाखिले के लिए फर्जी प्रमाण-पत्र बनवाने का आरोप, प्रशासन ने दो युवकों को पुलिस को सौंपा

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

गदरपुर। गदरपुर तहसील क्षेत्र में कूटरचित अभिलेखों के आधार पर स्थायी निवास, जाति और अन्य प्रमाण-पत्र बनवाने के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच में सामने आए मामलों में प्रमाण-पत्र निरस्त करने के साथ ही संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। मामले में भूमिका सामने आने पर गदरपुर निवासी निखिल वर्मा और शुभम हुडिया को तहसील प्रशासन ने पूछताछ के बाद गदरपुर कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। दोनों के खिलाफ अभी मुकदमा दर्ज किया जाना बाकी है।

प्रशासन के अनुसार, इन प्रमाण-पत्रों का इस्तेमाल देहरादून में नीट परीक्षा के बाद एमबीबीएस में प्रवेश प्राप्त करने के उद्देश्य से किया जाना था। शुक्रवार को तहसीलदार लीना चंद्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कुछ लोगों ने कूटरचित अभिलेखों के आधार पर प्रमाण-पत्र तैयार करवाए थे।

जांच के आधार पर अब तक पांच व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कूटरचित अभिलेखों के आधार पर जारी स्थायी एवं अनाथ प्रमाण-पत्र निरस्त किए गए हैं। वहीं, जाति प्रमाण-पत्रों के संबंध में नियमानुसार जिला स्क्रूटनी समिति को संस्तुति भेजी गई है।

तहसीलदार के अनुसार, निखिल वर्मा और शुभम हुडिया की भूमिका सामने आने के बाद दोनों से गहन पूछताछ की गई और उनके बयान दर्ज किए गए। जांच के दौरान दोनों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। प्रशासन के मुताबिक, मोबाइल फोन में प्रकरण से संबंधित रिकॉर्डिंग और दस्तावेज पाए जाने की जानकारी सामने आई है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए दोनों मोबाइल फोन पुलिस के सुपुर्द कर दिए गए हैं।

पूछताछ और प्रशासनिक कार्रवाई के बाद दोनों युवकों को तहसील प्रशासन ने गदरपुर कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। दोनों के विरुद्ध अभी मुकदमा दर्ज किया जाना बाकी है। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।

तहसीलदार लीना चंद्रा ने बताया कि उप जिलाधिकारी के नेतृत्व में जांच की कार्रवाई देर रात से सुबह करीब तीन बजे तक चली। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कूटरचित अभिलेख तैयार कर शासकीय प्रमाण-पत्र प्राप्त करने अथवा उनके आधार पर अनुचित लाभ लेने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन के अनुसार, जांच के दौरान यदि अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान उप जिलाधिकारी डॉ. अमृता शर्मा, तहसीलदार लीना चंद्रा धामी, राजस्व निरीक्षक विनोद कुमार समेत संबंधित राजस्व कर्मी और पटवारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *