पेपर लीक के बाद रद्द परीक्षा की नई तारीख घोषित, जानिए कब होगी स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा

उत्तराखंड: उत्तराखंड में पेपर लीक प्रकरण के चलते रद्द की गई स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा की नई तिथि घोषित कर दी गई है। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अनुसार अब यह परीक्षा 17 मई को आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही तकनीकी पदों की भर्ती परीक्षा तीन मई को कराई जाएगी।

अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के सचिव डॉ. शिव कुमार बरनवाल ने बताया कि 21 सितंबर 2025 को पटवारी, लेखपाल, ग्राम विकास अधिकारी समेत अन्य स्नातक स्तरीय पदों के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। इस दौरान एक परीक्षा केंद्र पर नकल का मामला सामने आने के बाद आयोग ने पूरी परीक्षा को निरस्त कर दिया था।

अब आयोग ने दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लेते हुए नई तारीख 17 मई तय की है। वहीं, विभिन्न विभागों में तकनीकी अर्हताओं से जुड़े 18 प्रकार के पदों के लिए भर्ती परीक्षा तीन मई को आयोजित की जाएगी। इन तकनीकी पदों के लिए कुल 5872 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है और परीक्षा टैब आधारित (कंप्यूटर आधारित) माध्यम से कराई जाएगी।

गौरतलब है कि पेपर लीक प्रकरण सामने आने के बाद प्रदेशभर में युवाओं ने विरोध प्रदर्शन किया था। अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता की मांग उठाई थी। इस मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खुद प्रदर्शन कर रहे छात्रों के बीच पहुंचकर उन्हें आश्वस्त किया था और नकल प्रकरण की जांच सीबीआई से कराने की सिफारिश की थी।

अब नई परीक्षा तिथियों के ऐलान के साथ अभ्यर्थियों को एक बार फिर तैयारी का मौका मिला है, जबकि आयोग ने परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से आयोजित कराने का भरोसा दिलाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *