हल्द्वानी: भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के एटीएम परिसर में दो महिलाओं द्वारा एक पूर्व सैनिक के थैले से 50 हजार रुपये चोरी करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दोनों संदिग्ध महिलाएं दिखाई दी हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान और तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, नैनीताल रोड पर जिलाधिकारी कैंप कार्यालय के सामने एसबीआई की मुख्य शाखा स्थित है। चांदनी चौक धुड़दौड़ा, मानपुर पश्चिम निवासी बहादुर सिंह करीब 30 वर्ष पहले सेना से सेवानिवृत्त हुए थे। वह 14 सितंबर को पेंशन निकालने के लिए बैंक पहुंचे थे।
बहादुर सिंह ने पुलिस को बताया कि उन्होंने विड्राल के जरिए 50 हजार रुपये निकाले और रकम प्लास्टिक के थैले में रख ली। इसके बाद वह बैंक परिसर में स्थित एटीएम में पासबुक अपडेट कराने चले गए। वहां गार्ड की मदद से वह पासबुक अपडेट करा रहे थे। इसी दौरान दो महिलाएं उनके पास आकर खड़ी हो गईं।
बताया गया कि इनमें से एक महिला बहादुर सिंह से सटकर खड़ी हो गई। उन्होंने महिला को हटकर खड़े होने के लिए कहा। कुछ देर बाद दोनों महिलाएं वहां से चली गईं। पासबुक अपडेट कराने के बाद जब बहादुर सिंह ने थैले में पासबुक रखने के लिए उसे देखा तो थैला कटा हुआ मिला और उसमें रखी 50 हजार रुपये की नकदी गायब थी।
घटना का पता चलने के बाद पूर्व सैनिक ने हल्द्वानी कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दोनों संदिग्ध महिलाएं दिखाई दे रही हैं। फुटेज के आधार पर उनकी पहचान और तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।