तमक नाले में बहे कर्मचारी का दूसरे दिन भी नहीं मिला सुराग, SDRF-NDRF का सर्च ऑपरेशन जारी

चमोली : नीती घाटी के तमक नाले में भारी बारिश के बाद आए उफान में बहे कर्मचारी का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। हादसे के बाद चमोली पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे से ही तमक क्षेत्र में खोज एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। अभियान में स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में जुटे हुए हैं।

 

 

सोमवार को भारी बारिश के बाद तमक नाले ने अचानक रौद्र रूप धारण कर लिया था। तेज बहाव की चपेट में आने से एक कर्मचारी बह गया था। इसके बाद से ही उसकी तलाश की जा रही है। मंगलवार को नाले का जलस्तर कुछ सामान्य होने पर मौके पर आपदा से हुई तबाही का मंजर साफ दिखाई दिया।

 

मलबे में दबे मिले GRIF के वाहन

 

तमक क्षेत्र में चारों ओर भारी मात्रा में मलबा फैला हुआ है। GRIF के कई वाहन भी मलबे में दबे नजर आए। नाले के आसपास जगह-जगह मलबा और पत्थर जमा होने से राहत एवं बचाव टीमों को सर्च ऑपरेशन में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

 

टीमें संभावित स्थानों पर लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं। लापता कर्मचारी का पता लगाने के लिए नाले के आसपास के हिस्सों और मलबे को खंगाला जा रहा है।

 

बारिश के बीच जारी है रेस्क्यू अभियान

 

चमोली जिले में सोमवार से ही बारिश का दौर जारी है। हालांकि मंगलवार को बारिश हल्की रही, लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम को देखते हुए राहत एवं बचाव टीमों को सतर्क रखा गया है। तमक क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है और प्रशासन की नजर पूरे घटनाक्रम पर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *